
जबलपुर के खमरिया थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक सड़क हादसा हो गया। झिरिया मंदिर के पास एक तेज रफ्तार डम्पर ने ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा सवार 8 वर्षीय मासूम कार्तिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद डम्पर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डम्पर जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पिपरिया गांव की रहने वाली अरुणा की शादी राजस्थान में हुई है। वह एक सप्ताह पहले अपने बेटे और अन्य रिश्तेदारों के साथ मायके जबलपुर आई थी। गुरुवार शाम को परिवार के 9 लोग ई-रिक्शा में सवार होकर शहर घूमने निकले थे। उन्होंने ग्वारी घाट पहुंचकर नर्मदा दर्शन भी किए। देर रात सभी लोग वापस पिपरिया गांव लौट रहे थे।
जैसे ही रिक्शा खमरिया स्थित झिरिया मंदिर के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डम्पर ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रिक्शा पलट गया और कई लोग उसके नीचे दब गए। अंधेरा होने के कारण चीख-पुकार के बावजूद काफी देर तक कोई मदद नहीं मिल सकी।
एक राहगीर ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद खमरिया थाना प्रभारी सरोजनी चौकसे टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने 108 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
ई-रिक्शा में ये लोग थे सवार
ई-रिक्शा चालक अमित के अलावा अरुणा, रूबी, किरण, पासना, अनीशा, तनिष्क, कार्तिक और लकी सवार थे। कार्तिक की उम्र महज 8 साल थी, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।
थाना प्रभारी सरोजनी चौकसे के अनुसार, हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। डम्पर चालक की पहचान की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था।
