
पन्ना टाइगर रिजर्व में केन नदी के किनारे बाघिन पी-141 अपने दो शावकों के साथ नजर आई। पर्यटकों ने इस दृश्य का वीडियो बनाया है, जो अब सामने आया है।
पन्ना टाइगर रिजर्व में वर्तमान में 90 से अधिक बाघ विचरण कर रहे हैं। अधिकांश बाघ पीटीआर के कोर क्षेत्र मडला जोन में रह रहे हैं। बफर क्षेत्र की अकोला गेट से आने वाले पर्यटकों को भी बाघों के दर्शन हो रहे हैं।
गर्मी के मौसम में बाघों का अधिकतर समय केन नदी और अन्य जल स्रोतों के आसपास बीतता है। इसी कारण शुक्रवार को बाघिन पी-141 अपने शावकों के साथ नदी किनारे पानी पीते हुए दिखाई दी।
पन्ना टाइगर रिजर्व की प्राकृतिक सुंदरता और वन्यजीवों के दर्शन के लिए देश-प्रदेश से पर्यटक यहां आते हैं। बाघों की बढ़ती संख्या और उनकी गतिविधियों के कारण पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि हो रही है।
