
दमोह के साड़िया गांव में गुरुवार रात भैरव बाबा की एक प्राचीन प्रतिमा गायब हो गई। शुक्रवार सुबह जब लोगों ने यह देखा तो क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों के साथ-साथ हिंदू संगठन से जुड़े लोग भी मौके पर पहुंच गए।
स्थानीय निवासी सुनील तिवारी ने बताया कि साड़िया गांव में धन खोजने के लालच में अकसर लोग यहां आते हैं। गांव के एक चबूतरे पर कई साल से भैरव बाबा की प्रतिमा स्थापित थी। चबूतरे के पास ही एक गड्ढा खोदा गया था। वहां पूजन सामग्री भी मिली और जेसीबी के पहियों के निशान भी दिखाई दिए। हालांकि, गड्ढे को मिट्टी से ढंक दिया गया था।
प्रतिमा गायब होने की सूचना पर लोग इकट्ठा हो गए। पुलिस को सूचना दी गई। एसडीओपी प्रिया सिंधी और बांदकपुर चौकी प्रभारी राजेंद्र मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने खुदाई करने का फैसला किया।
प्रतिमा को वापस चबूतरे पर स्थापित किया
गांव के लोगों ने जब खुदाई शुरू की तो करीब 5 फीट गहराई में भैरव बाबा की गायब हुई प्रतिमा मिल गई। प्रतिमा को निकालकर वापस चबूतरे पर स्थापित कर दिया गया। प्रतिमा मिलने के बाद क्षेत्र में बना तनाव सामान्य हो गया।
हिंदू संगठन से जुड़े कुछ लोगों ने मांग की है कि पुलिस इस कृत्य के आरोपियों को जल्द पकड़े। उन्होंने चेतावनी दी है कि ऐसा नहीं होने पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
