
पन्ना में श्री कृष्ण की सोलह कलाओं से निर्मित श्री बलदाऊ जी के मंदिर में गुरुवार को हलछठ महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस वर्ष मध्य प्रदेश सरकार ने हलछठ और श्री कृष्ण जन्माष्टमी को राज्य स्तरीय पर्व का दर्जा दिया है।
कार्यक्रम में पन्ना महाराज छत्रसाल द्वितीय, खजुराहो सांसद वीडी शर्मा, पन्ना विधायक बृजेन्द्र प्रताप सिंह और कलेक्टर सुरेश कुमार उपस्थित रहे। परंपरा के अनुसार पन्ना महाराज ने चंवर डुलाई और भगवान की आरती की।
ठीक 12 बजे श्री बलदाऊ जी का जन्मोत्सव मनाया गया। मंदिर प्रांगण जयकारों से गूंज उठा। पन्ना नगर और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए।
इस अवसर पर महिलाएं पुत्र प्राप्ति और वंशवृद्धि के लिए व्रत रखती हैं। वे बांस से बने बर्तन, कान्स, छुलिया और झरिया की पूजा करती हैं। बिना हल चली जमीन से उगे महुआ और पसई के चावल के प्रसाद से व्रत तोड़ती हैं।
सोलह कलाओं को समर्पित मंदिर
श्री कृष्ण की सोलह कलाओं को समर्पित यह मंदिर अपनी विशिष्ट वास्तुकला के लिए प्रसिद्ध है। मंदिर में 16 गुम्मट, 16 दरवाजे, 16 खिड़कियां, 16 झरोखे, 16 स्तंभ और 16 सीढ़ियां हैं। मंदिर में महामंडप नामक एक विशाल कक्ष है। इसे ऊंचे मंच पर बनाया गया है, जिससे मुख्य द्वार के बाहर से भी दर्शन किया जा सकता है। श्री बलदेवजी की प्रतिमा काले शालिग्राम पत्थर से निर्मित है।

