
सागर के केसली थाना क्षेत्र के ग्राम आमोदा में चोरों ने दो भाइयों के घर में सेंध लगाई। बदमाश घर में रखे नकद और सोने-चांदी के जेवरात लेकर भाग है। मामला सामने आते ही फरियादी ने थाने पहुंचकर शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी गिरधारी लोधी निवासी ग्राम अमोदा ने थाने में आकर शिकायत करते हुए बताया कि मेरे मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। इस कारण से मकान के बाजू में टपरा बनाकर अपने परिवार के साथ रहता हूं।
रात करीब 9 बजे खाना खाकर सभी लोग टपरे में सो गए थे। मैं रात करीब 12.42 बजे उठा था। फिर रात 1 बजे दोबारा सो गया। सुबह मेरे छोटे भाई मोहन की पत्नि मनीषा लोधी आई और उसने बताया कि उसके घर में चोरी हो गई है तो हम लोग छोटे भाई के घर चले गए।
करीब आधे घंटे बाद अपने टपरे में वापस आए तो देखा टपरे में रखी पेटी गायब थी। पेटी में 39 हजार रुपए नकद, दो जोड़ी पायल, सोने की पांचाली रखी थी। आसपास तलाश किया। लेकिन मिली नहीं।
3 तोले का हार और 1 किलो चांदी के करधोनी ले गए चोर
फरियादी अनिकेत लोधी ने बताया कि खेती किसानी करता हूं। रात करीब 10.30 बजे खाना खाकर परिवार के सभी लोग दहलान में सो रहे थे। कमरों में ताले लगे थे। सुबह मां मनीषा लोधी ने करीब 5 बजे उठाया और बताया कि अपने कमरों के ताले लगे थे जो अब अंदर से कुंडी लगी है। पीछे का दरवाजा देखने गए तो वह खुला पड़ा था।
अंदर जाकर देखा तो अलमारी में रखा 3 तोले का हार, पांचाली 1 तोला, दो सोने के मंगलसूत्र 2 तोला, एक चांदी की करधोनी 1 किलो, दो जोड़ी झुमकी, तीन सोने की अंगूठी, चांदी की पायल 500 ग्राम, 3 तोला चूड़ी, 1 तोला बेंदी, छोटी चीजें 500 ग्राम गायब थी।
इसके साथ ही पेंट की जेब में रखे 10 हजार रुपए भी नहीं मिले। करीब 8 लाख रुपए का सामान लेकर चोर घर से भागे है। दोनों ही वारदातों में शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है। मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। एफएसएल टीम ने वारदात स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।