
दमोह – नगर पालिका के अध्यक्ष को लेकर अविश्वास प्रस्ताव पारित करने के लिए दमोह कलेक्टर ने सम्मिलन की तारीख 4 सितंबर तय कर दी है। शुक्रवार को भाजपा के 20 पार्षदों ने कलेक्टर को आवेदन दिया था। जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि नगर पालिका अध्यक्ष के अविश्वास प्रस्ताव के लिए 4 सितंबर को दोपहर 12:00 बजे नगर पालिका कार्यालय में सम्मिलन आयोजित किया गया है जिसमें सभी 39 पार्षदों की उपस्थिति अनिवार्य की गई है। कलेक्टर कार्यालय से सभी 39 वार्ड के पार्षदों को भी सूचना पत्र जारी कर दिए गए। दमोह नगर पालिका में वर्तमान में कांग्रेस शासित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष हैं। 2 साल पूरे होने के बाद भाजपा के बीस पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव की मांग करते हुए कलेक्टर को आवेदन दिया था। इसी बीच मध्य प्रदेश कैबिनेट ने अविश्वास प्रस्ताव के लिए 2 साल की जगह 3 साल का समय निर्धारित किया है और एक चौथाई बहुमत का प्रस्ताव रखा है, लेकिन कैबिनेट में मंजूरी के बाद अभी तक इस प्रस्ताव का राजपत्र जारी नहीं हुआ है इसलिए अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। दमोह में कुल 39 पार्षद है, जिसमें से 20 पार्षद बीजेपी के है और 18 पार्षद कांग्रेस के साथ एक पार्षद निर्दलीय है जिसने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं। 4 सितंबर को होने वाले सम्मिलन में भाजपा पार्षदों को 27 पार्षदों की संख्या पूरी करनी होगी तभी अध्यक्ष अपने पद से निष्कासित होंगे। यदि ऐसा नहीं होता तो अविश्वास प्रस्ताव रद्द माना जाएगा।