
सागर में सर्दी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। बर्फीली हवाएं चलने से ठिठुरा देने वाली ठंड का दौर शुरू हो गया है। दिन में जहां वातावरण में ठंडक हुई है। वहीं रात के समय कंपकंपा देने वाली सर्दी पड़ रही है। बुधवार की रात इस सर्दी के सीजन की सबसे ठंडी रात रही। न्यूनतम पारा लुढ़ककर 10 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। इस सर्दी के सीजन में पहली बार रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं दिन का तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बुधवार को सुबह से सागर का मौसम साफ रहा। वातावरण में ठंडक रही। दोपहर के समय धूप खिलने से ठंड से राहत मिली। अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री और न्यूनतम पारा 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में सागर के न्यूनतम पारे में 3.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है।
मौसम विभाग के अनुसार, बर्फबारी होने से मप्र समेत सागर में ठिठुरन बढ़ी है। अगले कुछ दिनों तक रात का तापमान 10 डिग्री के आसपास रहेगा। नवंबर के आखिरी दिनों में भी ठंड का असर रहेगा। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में बर्फबारी हो रही है। इस कारण से जेट स्ट्रीम यानी सर्द हवाओं की रफ्तार ज्यादा है। पश्चिम-उत्तर भारत के ऊपर यह 12.6 किमी की ऊंचाई पर 260 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही हैं। इस कारण से प्रदेश में सर्द हवाओं का असर है। इससे दिन में भी ठंड बढ़ गई है।