
जबलपुर शहर की यातायात व्यवस्था और लगातार फैल रहे अतिक्रमण को लेकर मंत्री राकेश सिंह ने नाराजगी जताई थी। मंत्री सिंह के आदेश के बाद रविवार देर रात कलेक्टर, एसपी और नगर निगम आयुक्त ने अपनी टीम के साथ यातायात प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया।
पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के मुताबिक, निरीक्षण की यह मुहिम लगातार चलती रहती है। जबलपुर कलेक्टर दीपक कुमार सक्सेना, एसपी सम्पत उपाध्याय ने शहर के आधा दर्जन से अधिक स्थानों का अधिकारियों के साथ मिलकर पैदल निरीक्षण किया और पुलिस-प्रशासन एवं नगर निगम के अधिकारियों को बिना भय कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
रविवार को कलेक्टर दीपक सक्सेना और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने दल बल के साथ यातायात और अतिक्रमण की समस्या को दूर करने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान उन्होंने अधारताल सब्जी मंडी, अधारताल तिराहा, व्हीकल मोड, सुपर मार्केट, लार्डगंज, गंजीपुरा क्षेत्रों का पैदल भ्रमण किया।
कलेक्टर ने अस्थाई अतिक्रमण और पार्किंग व्यवस्था के कारण शहर के नागरिकों को होने वाली समस्याओं का निराकरण शीघ्र करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान अपर कलेक्टर नाथू राम गौड़, नगर निगम आयुक्त प्रीति यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोनाली दुबे सहित एसडीएम और अतिक्रमण दस्ता के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कलेक्टर दीपक सक्सेना ने कहा कि अवैध अतिक्रमण एवं पार्किंग व्यवस्था के कारण होने वाली समस्याओं से नागरिकों को निजात दिलाने के लिए योजना बनाकर काम किया जाएगा।
कलेक्टर ने कहा कि, बड़े स्तर पर आगामी गुरुवार को शहर के उस स्थान का अतिक्रमण हटाया जायेगा, जहां पर कि ट्रैफिक व्यवस्था बाधित होती है। कलेक्टर ने अतिक्रमण कर्ताओं को समझाइश देते हुए कहा है कि उनके पास तीन दिन का समय है कि वे अपना अतिक्रमण स्वयं हटा लें। अन्यथा प्रभावी रूप से उन्हें हटाने की कार्यवाही की जायेगी।
कलेक्टर के निर्देश पर नगर निगम के अधिकारी- कर्मचारियों के द्वारा अतिक्रमण हटाने के निर्देश दुकानदारों को दिए जा रहे है। रविवार को प्रारंभिक रूप से गंजीपुरा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई। इस दौरान राजस्व, नगर निगम और पुलिस के संयुक्त टीम द्वारा कार्यवाही की गई।
कलेक्टर दीपक सक्सेना ने कहा कि, बिना किसी भय व दबाव के नागरिक सुविधाओं को देखते हुए प्राथमिकता व प्रभावी रूप से अतिक्रमण हटाएं। उन्होंने कहा कि प्रभावशाली लोगों के अतिक्रमण पहले व प्रभावी तरीके से हटायें।
अस्थाई अतिक्रमण चिंता का विषय
कलेक्टर दीपक सक्सेना ने कहा कि बीते दिनों लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने विधायकों के साथ मिलकर एक बैठक ली थी। शहर के अस्थाई अतिक्रमण और बेतरतीब यातायात पर चिंता भी जाहिर की थी। कलेक्टर ने कहा कि समस्याओं का समाधान कैसे हो सकता है। इसके लिए एसपी और नगर निगम आयुक्त के साथ मिलकर एक प्लान बनाया जा रहा है। कोशिश की जा रही है कि कैसे अस्थाई अतिक्रमण को हटाया जाए। उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से शहर के कई भीड़ भाड़ वाले इलाके है, जहां पर कि यातायात बाधित होता है। उसे चिह्नित करते हुए हटाया जाएगा। व्यापारियों को कोई ट्रैफिक के कारण किसी तरह की परेशान न हो यह भी देखा जा रहा है।
ई-रिक्शा और ऑटो पर होगी कार्रवाई
एसपी सम्पत उपाध्याय ने कहा कि शहर में बड़ी संख्या में ई-रिक्शा चल रहे है, जिस वजह से सबसे ज्यादा ट्रैफिक की समस्या आ रही है। इसके अलावा ऑटो की बढ़ती संख्या भी यातायात को बाधित कर रही है। एसपी ने कहा कि सभी को समझाइश दी जा रही है।। इसके साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाने के लिए पुलिस-प्रशासन-नगर निगम और जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर अभियान की शुरुआत की गई है। एसपी ने बताया कि कुछ स्थानों में वन वे किया जा रहा है, इसके अलावा शहर के कई स्थानों में वाहन पार्किंग बनाए जा रहे है। जहां शहरवासी अपनी गाड़ी पार्क करने के बाद धूम सकेंगे।

