
जबलपुर के उमरिया गांव में बनने वाली जिले की पहली हाईटेक गौशाला का भूमि पूजन अब 15 की जगह 18 दिसंबर को किया जाएगा। दरअसल 15 दिसंबर को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का जबलपुर आगमन होना था, लेकिन फिलहाल उनका यह दौरा स्थगित हो गया है। अब 18 दिसंबर को उनका जबलपुर आगमन प्रस्तावित है।
80 एकड़ में बन रही है जबलपुर की पहली हाईटेक गौशाला
उमरिया ग्राम में लगभग 80 एकड़ भूमि में जबलपुर की पहली आधुनिक गौशाला बनाई जा रही है। जिसके भूमि पूजन के लिए 15 दिसंबर को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का जबलपुर आगमन होना था। लेकिन, किन्हीं कारणों से फिलहाल उनका यह दौरा स्थगित हो गया है। अब वह 18 दिसंबर को जबलपुर दौरे पर आएंगे। लिहाजा गौशाला का भूमि पूजन अब 18 तारीख को किया जाएगा।
कलेक्टर दीपक सक्सेना ने बताया कि,
इंदौर, उज्जैन, भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर में हाईटेक गौशाला का निर्माण किया जा रहा है। जबलपुर में फिलहाल 10 करोड़ की लागत से गौशाला बनेगी। जिसमें लगभग 10000 गोवंश को रखे जाने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। फिलहाल 1000 गोवंशों से इसका शुभारंभ किया जाएगा। गौशाला निर्माण के बाद सड़कों पर घूमने वाले गौवंशों को इस गौशाला में रखा जाएगा।
तिलवारा में है पुरानी गौशाला
जबलपुर के तिलवारा क्षेत्र में इसके पहले गौशाला का निर्माण किया गया था। जिसकी क्षमता 1200 गाय रखने की है। अभी यहां लगभग ढाई हजार से ज्यादा गौवंश रखे हुए हैं। जिसके कारण काफी दिक्कतें हो रही थी। लिहाजा इसे देखते हुए नई गौशाला का निर्माण उमरिया में किया जाएगा।
लगभग 80 करोड़ से बनाई जानी थी नई गौशाला
कलेक्टर दीपक सक्सेना ने बताया कि नगर निगम के द्वारा 70 से 80 करोड रुपए की लागत से इस गौशाला का निर्माण प्रस्तावित किया था। लेकिन, बजट की कमी के कारण फिलहाल 10 करोड़ की लागत से ही यह गौशाला बनाई जाएगी।