
रीवा की सेमरिया थाना पुलिस ने किसानों के साथ धोखाधड़ी कर सरकारी रुपए गबन करने वाले दो आरोपियों को शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने भ्रष्टाचार के लिए 5839.6 क्विंटल धान गलत तरीके से पोर्टल में फीड की गई थी। जिसकी कीमत 1 करोड़ 33 लाख रुपए है।
विपुल सिंह निवासी बीड़ा ने थाने पहुंचकर समिति प्रबंधक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। विपुल ने पुलिस को बताया था कि विजय वेयर हाउस हिनौता नंबर 2 के खरीदी प्रभारी राकेश शुक्ला उर्फ राजा निवासी बेलवा, सुरसरी सिंह निवासी सिरमौर और सर्वेयर गजेंद्र सिंह उर्फ गज्जू ने बिना धान का उपार्जन किए ही उपार्जन की फीडिंग के लिए तौल पर्ची बनाकर फीडिंग की है। जबकि धान केन्द्र पर आई ही नहीं। ना ही कोई किसान धान लेकर उपस्थित हुआ।
3 दिन की पुलिस रिमांड पर आरोपी
थाना प्रभारी श्रृंगेश राजपूत ने बताया कि जांच में शिकायत सही पाई गई। धोखाधड़ी की गई है। इसके बाद राकेश शुक्ला उर्फ राजा निवासी बेलवा, सुरसरी सिंह निवासी सिरमौर और सर्वेयर गजेन्द्र सिंह के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। गजेंद्र सिंह (29) और सत्यार्थ प्रकाश पाठक उर्फ अंकुर (31) निवासी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दो आरोपी फरार हैं।
कोर्ट में पेश कर आरोपियों से बैंक खाता, खरीदी गई संपत्ति और अन्य आर्थिक आय-व्यय के ब्यौरे की जानकारी लेने के लिए दोनों आरोपियों को 3 दिन की पुलिस रिमांड में लिया गया है।