
जबलपुर के बरगी थाना क्षेत्र स्थित रमनपुर घाटी में अयोध्या से नागपुर जा रही यात्री बस क्रमांक MH14-LB-8718 सुबह करीब 4-5 बजे बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 25 लोग घायल हुए हैं। हादसे के ठीक बाद ड्राइवर भाग निकला।
जानकारी के अनुसार, यात्री अयोध्या दर्शन करने के बाद रामरथ बस में सवार होकर नागपुर जा रहे थे। बस में स्टाफ सहित करीब 37 लोग सवार थे। रमनपुर घाटी में पहुंचते ही बस बेकाबू होकर पलट गई, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने पुलिस और एनएचएआई के अधिकारियों को तुरंत कॉल किया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को फौरन 108 एम्बुलेंस की मदद से लखनादौन अस्पताल भेजा गया। कुछ घायलों को जबलपुर में भी भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान मलम्मा (45) निवासी हैदराबाद, शुभम मेश्राम (28) नागपुर और अमोल खोड़े (42) नागपुर निवासी के रूप में हुई है। इनमें 2 की मौके पर ही मौत हो गई।
तेज रफ्तार थी बस, नियत्रंण खोया
जानकारी के अनुसार, बस तेज रफ्तार में नागपुर की ओर जा रही थी, तभी बेकाबू होकर पलट गई। बस पलटते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
सो रहे थे, हमें झटका महसूस हुआ
एक यात्री ने बताया- हम सो रहे थे कि अचानक एक तेज झटका महसूस हुआ और बस पलट गई। चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। वहीं, स्थानीय लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र घुमावदार मोड़ और अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं के लिए संवेदनशील है।
ग्रामीण बोले- ठीक से सड़क नहीं बनी
मौके पर मौजूद रमनपुर गांव के दिनेश चौकसे ने बताया कि रमनपुर घाट के दोनों ओर सड़क की संरचना सही नहीं है। करीब दो किलोमीटर का चिन्हित क्षेत्र ऐसा है, जहां वाहनों का बैलेंस बनाना मुश्किल हो जाता है। रमनपुर घाटी को अब आसपास के लोग ‘खूनी घाटी’ के नाम से जानने लगे हैं।
