
पन्ना टाइगर रिजर्व में गर्मी की शुरुआत के साथ जंगल में आग का कहर शुरू हो गया। रिजर्व के कोर और बफर क्षेत्र आग की चपेट में आ गए। बुधवार देर रात पीटीआर के कोर क्षेत्र में मनौर बीट, बरधौ बीट और पांडव फॉल कबएरिया तक आग 5 किलोमीटर क्षेत्र में फैल गई। पन्ना टाइगर रिजर्व के कर्मचारी और फायर वॉच टीम शुक्रवार सुबह तक आग बुझाने में जुटी रही। जिसके बाद वनकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया।
पिछले एक सप्ताह से पन्ना जिले के उत्तर और दक्षिण वन मंडल में लगातार आग लग रही है। कोर एरिया में आग से पार्क प्रबंधन, पर्यावरण प्रेमी और वन्यजीव प्रेमी चिंतित हैं। यूनेस्को की सूची में शामिल इन जंगलों की सुरक्षा के लिए कोई विशेष प्रयास नहीं किए गए। आग बुझाने के लिए अभी भी पुरानी तकनीक का इस्तेमाल हो रहा है। इससे जंगल, वन संपदा और वन्यजीवों का अस्तित्व खतरे में है।
पीटीआर के मड़ला रेंज के रेंजर रोहित पुरोहित ने बताया कि बुधवार रात आग की सूचना मिलते ही टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पूरी रात कर्मचारियों के साथ आग बुझाने का काम किया। शुक्रवार सुबह हुई बारिश से आग पूरी तरह बुझ गई।