
रीवा में बदमाशों ने 71 वर्षीय बुजुर्ग का अपहरण कर लिया। वारदात सोमवार सुबह की है। पुलिस ने मंगलवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। तीन आरोपी फरार हैं।
जयस्तंभ घोघर के रहने वाले रामभोला मिश्रा सोमवार सुबह करीब 8 बजे वॉक कर रहे थे। बड़े पुल के पास से गुजरते समय कार आकर रुकी। कार सवार 4 युवकों ने उन्हें जबरदस्ती गाड़ी में बैठाया और इटौरा बायपास की तरफ ले गए थे। फिर रास्ते में छोड़कर भाग निकले।
आरोपी ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वह बुजुर्ग के मकान में किराए से रहता था। बुजुर्ग के बेटे ने उससे रुपए उधार लिए थे और लौटा नहीं रहा था। बेटे को डराने के लिए बुजुर्ग का अपहरण किया था। कोतवाली थाना प्रभारी श्रृंगेश राजपूत ने बताया कि वारदात में शामिल तीन आरोपियों की तलाश कर रहे हैं।
बुजुर्ग को छोड़कर भागे आरोपी
भीड़भाड़ वाली जगह पर हुई इस घटना की सूचना लोगों ने बुजुर्ग के परिजनों को दी। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। एसपी विवेक सिंह ने थाना प्रभारी श्रृंगेश सिंह राजपूत के नेतृत्व में टीम गठित की।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों का पता लगाया। शहर से बाहर जाने वाले सभी रास्तों पर घेराबंदी की गई। आरोपियों ने बुजुर्ग को करीब एक घंटे कार में घुमाया। इसके बाद ढेकहा तिराहे के पास छोड़कर फरार हो गए।
एक आरोपी को जानते थे बुजुर्ग
बुजुर्ग राम भोला मिश्रा ने बताया, अचानक एक कार आकर रूकी। मैं कुछ समझ पाता, इससे पहले ही उन्होंने मुझे जबरन बैठा लिया। वो लोग धमकाने लगे। मैं बहुत डर गया था। वो चार लोग थे, जिनमें से अशोक को मैं पहचानता था। बाकी कौन हैं, पुलिस पता लगा रही है।
आरोपी को लगा पुलिस में शिकायत नहीं होगी
पुलिस ने एक आरोपी अशोक मिश्रा का नंबर ट्रेस कर उसकी लोकेशन का पता लगाया और रीवा से ही गिरफ्तार कर लिया। वह सोच रहा था कि बुजुर्ग थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराएगा। इसलिए उसने वारदात को अंजाम दिया।