
छतरपुर के ग्राम सूरजपुर में शुक्रवार सुबह पटवारी और उनके मित्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों गुरुवार शाम को रोजाना की तरह खेत पर घूमने गए थे। अगले दिन दोनों के शव खेत में मिले है। पटवारी की पत्नी पार्वती आदिवासी भाजपा जिला उपाघ्यक्ष है। उन्होंने राजनगर विधायक पर गंभीर आरोप लगाए है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खेत में घूमने गए थे, देर रात तक नही लौटे
जानकारी के अनुसार, राजनगर तहसील के उमरिया हल्के में पदस्थ पटवारी प्राण सिंह (50) अपने दोस्त छन्नू यादव (45) के साथ गुरुवार शाम को रोजाना की तरह खेत पर घूमने गए थे। इसके बाद देर रात तक दोनों घर नहीं लौटे।
परिजन बोले- रातभर फोन स्विच ऑफ आया, सुबह मिले शव
परिजनों ने बताया कि उनसे फोन पर भी संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों का फोन स्विच ऑफ आ रहा था। इसके बाद रात भर खराब मौसम के चलते परिजन दाेनाें को तलाशने नहीं जा पाए। शुक्रवार सुबह होते ही पटवारी के परिजन खेत पहुंचे तो दोनों बेहोश अवस्था में पड़े मिले।
इसके बाद परिजन प्राण सिंह को तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने खेत से छन्नू यादव (45) के शव को भी बरामद किया गया। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाया गया।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
पटवारी प्राण सिंह के बेटे कमलेश ने बताया कि उनके पिता के गले में और उनके दोस्त छन्नू के कान और पैरों में खून के निशान मिले हैं, जो मारपीट के संकेत हैं। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है।
विधायक पटेरिया पर लगाए आरोप
पटवारी प्राण सिंह की पत्नी पार्वती आदिवासी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और वर्तमान में भाजपा जिला उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पार्वती ने बताया कि उनके पति पहले उमरिया में पटवारी के पद पर कार्यरत थे, जिनका हाल ही में 80 किमी दूर बक्सवाहा ट्रांसफर कर दिया गया। यह ट्रांसफर विधायक पटेरिया के लेटर पैड पर किया गया था। पति ने दो दिन पहले ही बक्सवाहा में ज्वॉइनिंग ली थी।
उन्होंने ट्रांसफर रोकने के लिए विधायक से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उनके पति प्राण सिंह तीन दिन की छुट्टी लेकर खेती काम के लिए घर आए थे और उनके साथ सहयोगी छन्नू भी थे और शुक्रवार को उनकी मौत हो गई।
उनका आरोप है कि पार्टी के लोगों ने ही उनके पति का ट्रांसफर करवाया और अब आदिवासी होने के कारण कोई सहयोग नहीं कर रहा है। यह हत्या का मामला है और उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है।
मामले में बमीठा TI आशुतोष श्रुतिया ने बताया
घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। दोनों के शव पटवारी के खेत पर स्थित निर्माणाधीन मकान में मिले हैं। डॉक्टरों की टीम पोस्टमॉर्टम करेगी। पीड़ित पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

पटवारी प्राण सिंह (50)