
जमानत पर जेल से छूटने की खुशी में हत्या के आरोपी कुख्यात बदमाश राजा सोनकर ने रांझी दर्शन चौराहे से बापू नगर तक जुलूस निकाला। जिसमें बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। मामले में पुलिस ने 50 से अधिक युवकों पर मामला दर्ज किया है। इनमें से 3 नाबालिग सहित 6 युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है। रांझी पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और जुलूस निकालने वाले बदमाश की तलाश की जा रही है।
राजा सोनकर हत्या के मामले में 9 साल से जेल में था। उसने जमानत के लिए हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। शुक्रवार को हाईकोर्ट ने उसे सशर्त जमानत दे दी। देर शाम राजा जेल से बाहर आया और सीधे घर पहुंचा। यहां उसके बड़े भाई अजय उर्फ विवेक सोनकर और दोस्त पहले से मौजूद थे। उन्होंने राजा के जेल से छूटने की खुशी में जुलूस निकाला, जिसमें बड़ी संख्या में युवक शामिल हुए। रांझी दर्शन तिराहे से बापू नगर तक भीड़ थी। युवक आतिशबाजी कर रहे थे। लोगों को समझ नहीं आ रहा था कि देर रात कौन जुलूस निकाल रहा है। इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक भाग खड़े हुए।
राजा पर 7 से अधिक अपराध दर्ज
राजा सोनकर (31) रांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत बापू नगर में रहता है। उसके खिलाफ आबकारी एक्ट, गाली गलौज, मारपीट, चाकू बाजी एवं हत्या के 7 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। राजा ने अगस्त 2016 में अपने पिता अशोक सोनकर के साथ मिलकर सुभाष चंद्र सोनकर की हत्या कर दी थी। रांझी पुलिस ने पिता पुत्र के खिलाफ 294, 302, 307, 506 34, 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया, जहां से राजा सोनकर को जेल भेज दिया गया।
जमानत खारिज कराएगी पुलिस
रांझी थाना प्रभारी उमेश गोलानी के मुताबिक जेल से छूटे राजा सोनकर, उसके भाई विवेक सोनकर सहित अनुज ठाकुर, अभिषेक चौधरी, हर्ष राजपूत सहित 50 से अधिक लड़कों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अनुज, अभिषेक और हर्ष को धारा 170 बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया है, जिन्हें आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं राजा सोनकर की जमानत खारिज कराने के लिए पुलिस कोर्ट जाएगी।
फरार आरोपियों की तलाश की जा रही
थाना प्रभारी ने बताया कि इस जुलूस की किसी भी तरह की अनुमति नहीं थी। इसके बावजूद भी बदमाश राजा सोनकर ने अपने साथियों के साथ मिलकर जुलूस निकाला। जानकारी मिलने पर जब पुलिस बापू नगर पहुंची तो वहां से लड़के फरार हो गए। जिनकी तलाश की जा रही है।
थाना प्रभारी गोलानी ने बताया कि
जेल से छूटते ही क्षेत्र में अपना दबदबा कायम करने के लिए बदमाश राजा सोनकर ने अपने साथियों के साथ जुलूस निकाला था। दोनों के खिलाफ 471/2025 धारा 223, 3(5) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध किया है, तलाश जारी है। दोनों ही आदतन अपराधी हैं। राजा सोनकर के खिलाफ और विवेक सोनकर के खिलाफ 7-7 मामले पंजीबद्ध हैं।
