
संस्कारधानी जबलपुर एक ऐतिहासिक पल का गवाह बनने जा रही है। शहर में 1 अगस्त 2025 को “स्वच्छता महोत्सव” का आयोजन किया जा रहा है। यह महोत्सव पूरे देश के 4589 नगरीय निकायों में से जबलपुर को मिली गौरवपूर्ण 5वीं रैंक का जश्न है। इस उपलब्धि के साथ, जबलपुर को गार्बेज फ्री सिटी, 7-स्टार रेटिंग और वॉटर प्लस सिटी का भी दर्जा मिला है, जिसने पूरे शहर को उत्साह और गर्व से भर दिया है।
महापौर जगत बहादुर सिंह “अन्नू” ने कल होने वाले आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय संस्कारधानी के हर नागरिक और स्वच्छता के सिपाहियों को दिया जाएगा। इस मौके पर निगमायुक्त प्रीति यादव भी महापौर के साथ मौजूद रहेंगी। इस मौके पर शहर के हजारों प्रतिष्ठानों में व्यापारी ग्राहकों को विशेष छूट देंगे।
महोत्सव में क्या होगा खास
- सजेगा हर घर, हर दुकान: महोत्सव के दिन जबलपुर के नागरिक अपने घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को विशेष रूप से सजाएंगे, जिससे पूरा शहर उत्सव के रंगों में रंग जाएगा।
- स्वच्छता का संदेश, साथ में शपथ: शहर के सम्मानित अधिवक्ता, डॉक्टर, इंजीनियर साथ ही विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और स्कूलों के छात्र-छात्राएं इस महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। वे स्वच्छता का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे और सभी मिलकर स्वच्छता की शपथ लेंगे।
- दफ्तरों की भी होगी सफाई: सभी सरकारी और निजी कार्यालय अपने आसपास विशेष साफ-सफाई अभियान चलाएंगे और आकर्षक साज-सज्जा करेंगे, जिससे शहर में चारों ओर स्वच्छता की एक नई तस्वीर दिखेगी।
- व्यापारियों की ओर से मिलेगी खास छूट: 1 अगस्त को शहर के हजारों प्रतिष्ठानों में व्यापारी ग्राहकों को विशेष छूट देंगे, जो इस महोत्सव के प्रति आकर्षक बनाएगा।
- लकी ड्रा में जीतें 1 लाख रुपए: नागरिक स्वच्छता शपथ-पत्र भरेंगे, जिनका संकलन कर नगर निगम एक भव्य लकी ड्रा का आयोजन करेगा। इसमें पहला पुरस्कार 1 लाख रुपए होगा, साथ ही 10 अन्य बड़े पुरस्कार भी संस्कारधानी के भाग्यशाली नागरिकों को मिलेंगे।
महापौर अन्नू ने बताया कि यह महोत्सव सिर्फ एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि एक बड़े अभियान की शुरुआत है। आने वाले समय में ‘सबसे बेहतर वार्ड’, ‘सबसे बेहतर मोहल्ला’, ‘सबसे बेहतर गार्डन’ जैसी कई योजनाएं लागू होंगी। सितंबर से स्वच्छता दौड़ जैसे जन-जागरण कार्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे, जो जमीनी स्तर पर स्वच्छता के काम को और गति देंगे। उनका लक्ष्य है कि जन-जागरण और कड़ी मेहनत से जबलपुर स्वच्छता के क्षेत्र में देश में पहला स्थान हासिल करेगा।