
दमोह में गणेश चतुर्थी के मौके पर घरों और पंडालों में गणेश प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इसी कड़ी में शहर के तहसील मैदान में गणेश प्रतिमाओं का खास बाजार लगाया गया है। यहां विभिन्न आकार और डिजाइन की प्रतिमाएं उपलब्ध हैं।
घरों में स्थापना के लिए छोटी प्रतिमाओं की मांग अधिक
मूर्तिकारों ने इस साल अनूठे अंदाज में प्रतिमाएं तैयार की हैं। कुछ प्रतिमाओं में गणपति बप्पा कार पर सवार हैं। कुछ में वे शेर या नंदी पर विराजमान हैं। कहीं वे अपने वाहन चूहे की सवारी करते दिख रहे हैं।
मूर्तिकार अंशुल रजक ने बताया कि घरों में स्थापना के लिए छोटी प्रतिमाओं की मांग अधिक है। उन्होंने 12 फीट की सबसे बड़ी प्रतिमा बनाई है। यह प्रतिमा दमोह के केंद्रीय सहकारी बैंक परिसर में स्थापित की जाएगी। रजक ने 50-60 हजार रुपए खर्च कर 12 प्रतिमाएं तैयार की हैं। इनमें से एक प्रतिमा विदिशा जिले में भेजी जाएगी।
तहसील मैदान में ही प्रतिमाएं बेचने का निर्देश
नगर पालिका और यातायात पुलिस विक्रेताओं को तहसील मैदान में ही प्रतिमाएं बेचने का निर्देश दे रही है। हालांकि दुकानदारों की शिकायत है कि मैदान में बिजली की उचित व्यवस्था नहीं है। शाम होते ही अंधेरा हो जाता है, जिससे व्यापार में परेशानी होती है।