
सागर में रविवार को भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के लिए अपशब्द कहे जाने के विरोध में बड़ा प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा की कार्यकर्ता और भाजपा नेता तीनबत्ती तिराहे स्थित कांग्रेस कार्यालय के सामने फन्नुसा कुआं के पास 3 घंटे तक मौन विरोध पर बैठीं। इसके बाद महिलाओं ने रैली निकालकर कांग्रेस नेता का पुतला फूंका। इस दौरान कांग्रेस दफ्तर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा और बैरिकेड्स लगाए गए।
महिला मोर्चा की टीम ने कांग्रेस कार्यालय के सामने धरना दिया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने यहां 3 घंटे तक मौन प्रदर्शन कर कांग्रेस नेताओं के बयान का विरोध जताया। वहीं, इसी दौरान कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे।
भाजपा का आरोप- कांग्रेस का चरित्र हमेशा महिला विरोधी
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस का चरित्र हमेशा से महिला विरोधी रहा है। राहुल गांधी के मंच से उनकी पार्टी के नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के लिए जो अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया है, उसने पूरे देश को आहत किया है। इसके विरोध में भाजपा ने मौन धरना दिया और पुतला जलाया।
महिला मोर्चा ने जताया आक्रोश
भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष संध्या भार्गव ने कहा कि महिलाओं को अपमानित करना कांग्रेस की संस्कृति का हिस्सा बन गया है। कांग्रेस नेता लगातार बेशर्मी भरे बयान देते हैं, जिससे महिलाओं में आक्रोश है। बड़ी संख्या में मातृशक्ति इस विरोध में शामिल हुई और कांग्रेस का पुतला जलाकर अपना गुस्सा जताया।
भाजपा के कई बड़े नेता मौजूद रहे
विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, महापौर संगीता तिवारी, पूर्व मंत्री और खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह, विधायक शैलेंद्र जैन, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन और मंडल अध्यक्ष मेघा दुबे समेत कई नेता मौजूद रहे।