
दमोह जिले के हटा थाना क्षेत्र के ग्राम विजोरी पाठक में रविवार को पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच धारदार हथियारों और लाठियों से हमला हुआ।
इस हमले में पहले पक्ष से 50 साल के देवी सिंह और उनके 27 साल के बेटे महेंद्र सिंह घायल हुए। दूसरे पक्ष से 45 साल आनंद सिंह और 25 साल फूल सिंह को चोटें आईं।
सभी घायलों को देर रात 12 बजे जिला अस्पताल दमोह में भर्ती कराया गया। दोनों ही पक्ष के लोग एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।
दोनों पक्षों के अपने-अपने तर्क
एक पक्ष से घायल आनंद सिंह का कहना है कि आरोपियों का पूरे गांव में आतंक है। वह किसी के साथ भी गाली गलौज, मारपीट करते रहते हैं। कुछ दिन पहले ही उन्होंने एक महिला के साथ इसी तरह मारपीट की थी। रविवार को मेरे बच्चों के साथ मारपीट की थी। मैंने मना किया तो उन्होंने हम पर हमला कर दिया।
वहीं दूसरे पक्ष से घायल महेंद्र की पत्नी इमरती लोधी ने कहा कि कई साल पहले की बुराई है। आरोपी आए दिन विवाद करने की स्थिति निर्मित करते हैं और उन्होंने घर के पास आकर मेरे पति और ससुर पर जानलेवा हमला किया है।
इमरती लोधी ने कहा कि पुलिस ने विपक्षी पार्टी की रिपोर्ट लिख ली पहले क्योंकि उन्होंने पैसे दिए हैं। हमारी रिपोर्ट पुलिस ने अपने मन से लिखी है।
हटा थाना प्रभारी धमेंद्र उपाध्याय ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

