
सागर नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ मंगलवार को कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। नगर निगम कार्यालय के सामने टेंट लगाकर कांग्रेसियों ने धरना दिया और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन करीब तीन घंटे तक चला। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने अपनी मांगों को लेकर निगम प्रशासन को ज्ञापन दिया।
जब प्रदर्शनकारी ज्ञापन देने नगर निगम कार्यालय के भीतर जाने लगे तो गेट बंद कर दिया गया। इस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई और जोरदार नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए नगर निगम के उपायुक्त मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से ज्ञापन लिया।
कांग्रेसी बोले- भाजपा पार्षद भी हो रहे परेशान
जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि नगर निगम के हालात इतने खराब हैं कि खुद भाजपा के पार्षद भी परेशान हैं। अगर सत्ताधारी दल के जनप्रतिनिधियों की ही सुनवाई नहीं हो रही, तो कांग्रेस की क्या स्थिति होगी, यह समझा जा सकता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जनता से चुने गए पार्षदों के लिए बैठने तक की व्यवस्था नहीं है। जाटव ने यह भी कहा कि निगम में ठेकेदार बिना काम किए भुगतान ले रहे हैं। हर काम में घपले हो रहे हैं, लेकिन निगमायुक्त सिर्फ विधायक की ही सुनते हैं।
एलिवेटेड कॉरिडोर को बताया ‘मौत का कॉरिडोर’
महेश जाटव ने सागर के एलिवेटेड कॉरिडोर को ‘मौत का कॉरिडोर’ बताया और कहा कि इसकी स्थिति बहुत खराब है, लेकिन प्रशासन आंखें मूंदे हुए है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी।
इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेता मुन्ना चौबे, रामजी दुबे, सिंटू कटारे, राहुल चौबे समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।