
जबलपुर में देवताल तालाब के पास सोमवार को घायल साही (वन्यप्राणी) मिली है, जिसका प्राथमिक इलाज कर वन्यप्राणी विशेषज्ञ ने वन विभाग की टीम को सौंप दिया है। अब उसका इलाज वेटनरी कॉलेज में होगा। साही को स्ट्रीट डॉग्स ने घायल किया है।
गढ़ा निवासी दिलीप पटेल और उनके साथी आज देवताल के पास मॉर्निंग वॉक पर गए थे। उनकी नजर वहां घायल साही पर पड़ी। उन्होंने वन्यप्राणी विशेषज्ञ गजेंद्र दुबे को फोन कर बुलाया। दुबे ने साही को उठाया और प्राथमिक इलाज किया। इसके बाद वन विभाग के रेस्क्यू स्क्वाड प्रभारी गुलाब सिंह परिहार को सौंप दिया।
दुबे ने बताया साही का हिंदी नाम सेंधा क्रन्तक और वैज्ञानिक नाम इंडियन क्रिस्टेड पोर्क्यूपाइन है। इसकी भारत में 24 से भी ज्यादा प्रजातियां हैं। एक वयस्क साही का वजन 25 किलोग्राम के लगभग रहता है। ये शाकाहारी प्राणी हैं। साही के पीठ से पूंछ तक लगभग 30 हजार से अधिक कांटे रहते हैं। इसकी उम्र 18 वर्ष की होती है। इसका कांटा चुभने पर त्वचा में इन्फेक्शन हो जाता है।