
BJP National Convention प्रचंड विजय के लक्ष्य के साथ लोकसभा चुनाव में जा रही भाजपा ने अपने तरकश को सलीके से सजाया है। चुनाव से ऐन पहले पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में लाए गए राजनीतिक प्रस्ताव में राम मंदिर और सनातन धर्म का गौरव है तो सरकार की प्रतिबद्धता दिखाते हुए जम्मू-कश्मीर से हटाए गए अनुच्छेद-370 का भी उल्लेख है।
प्रचंड विजय के लक्ष्य के साथ लोकसभा चुनाव में जा रही भाजपा ने अपने तरकश को सलीके से सजाया है। चुनाव से ऐन पहले पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन में लाए गए राजनीतिक प्रस्ताव में राम मंदिर और सनातन धर्म का गौरव है तो सरकार की प्रतिबद्धता दिखाते हुए जम्मू-कश्मीर से हटाए गए अनुच्छेद-370 का भी उल्लेख है।
मोदी सरकार की 10 वर्ष की उपलब्धियों में मोदी की गारंटी, विकसित भारत के संकल्प सहित किसान कल्याण, नारी शक्ति वंदन अधिनियम जैसे मुद्दों को रखा गया है तो विपक्ष के लिए भी भाजपा ने पैने तीर चुने हैं। इस प्रस्ताव से सत्ताधारी दल ने संकेत दे दिया है कि वह चुनाव में जनता के बीच विपक्ष की जाति आधारित राजनीति बनाम मोदी की विकासवाद की नीति का विमर्श रखने के साथ ही बंगाल के संदेशखाली की शर्मनाक घटना को भी उछालना चाहेगा।
दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन शुरू
नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में शनिवार को शुरू हुए दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन के पहले दिन राजनीतिक प्रस्ताव भी लाया गया। यह प्रस्ताव रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रखा और बताया कि मोदी सरकार के 10 वर्ष के कार्यकाल ने कैसे देशवासियों को रामराज्य की अनुभूति कराते हुए विकास पथ पर तेज गति से कदम बढ़ाए हैं।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के साथ भारत की छवि एक सक्षम और सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरकर आई है। यह 10 वर्ष राजराज्म की परिकल्पना को जमीन पर उतारने वाले रहे हैं। देश ने इस दौरान सुरक्षा, समृद्धि और खुशहाली का सफर तय किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर देश ने पंच प्रण लेते हुए गुलामी की हर सोच से मुक्ति पाई है और अपनी विरासतों पर गर्व करना सीखा है।
घर-घर पहुंचा मोदी की गारंटीः भाजपा
रक्षा मंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि बीते 10 वर्षों में देश ने मोदी की गारंटी को घर-घर पहुंचते देखा है। उन्होंने इस दौरान की उपलब्धियां और विकास कार्य गिनाए। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, जी-20 का सफल आयोजन, विधानसभा चुनावों और उपचुनावों में भाजपा को मिली विजय, विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से करोड़ों पात्र जरूरतमंदों को सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने सहित यह भी उल्लेख किया कि किस तरह देश में सनातन संस्कृति के सम्मान के साथ विश्व मंच पर भारत की सांस्कृतिक विरासत को सम्मान मिला। आबूधाबी में प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किए गए हिंदू मंदिर के उद्घाटन का उल्लेख भी राजनीतिक प्रस्ताव में किया गया।
भाजपा सरकार की उपलब्धियों के बखान के क्रम में देशभर से जुटे पार्टी प्रतिनिधियों में सर्वाधिक उत्साह नारी शक्ति वंदन अधिनियम और अयोध्या में श्री राम मंदिर के निर्माण के उल्लेख पर देखा गया। सभागार जय श्रीराम और मोदी-मोदी के नारों से इस तरह गूंजा कि खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी खड़े होकर कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। इस प्रस्ताव का समर्थन वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया।
अपने वक्तव्य के लिए जैसे ही योगी खड़े हुए, वैसे ही माहौल जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी उत्तर प्रदेश से देश को नेतृत्व देते हैं और काशी विश्वनाथ से जो यात्रा प्रारंभ हुई, वह आज अयोध्या तक पहुंच चुकी है। अयोध्या में प्रभु श्री रामलला अपने भव्य और दिव्य मंदिर में पांच सदी बाद पुन: विराजमान हो चुके हैं। हर रामभक्त, हर सनातन धर्मावलंबी इस घटना से प्रफुल्लित है।
साथ ही उन्होंने कहा कि मंदिर उसी स्थान पर बनाया गया है जहां इसे बनाने का निर्णय लिया गया था। उन्होंने कहा कि दर्जनों पीढि़यां इस इच्छा के साथ चली गईं कि भगवान राम एक बार फिर से उनके मंदिर में निवास करें, अब जाकर प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अयोध्या में श्रीराम मंदिर का सपना साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि आज देशवासियों ने एक नए भारत का दर्शन किया है।
जाति आधारित राजनीति बनाम हर वर्ग का कल्याण
कांग्रेस सहित अधिकांश विपक्षी दल इन दिनों जातिगत जनगणना को चुनावी मुद्दा बनाने के लिए प्रयासरत हैं। इस बीच भाजपा ने अपने राजनीतिक प्रस्ताव से संकेत दे दिया है कि उसका चुनावी अभियान विकास और कल्याण की राजनीति पर रहेगा। प्रस्ताव में जाति आधारित राजनीति बनाम हर वर्ग का कल्याण के बिंदु को शामिल करते हुए कहा गया है कि विपक्षी गठबंधन आइएनडीआइए जहां जाति आधारित विभाजनकारी राजनीति करने में व्यस्त है, वहीं पीएम मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि देश में केवल चार ही जातियां हैं- गरीब, किसान, युवा और महिलाएं। मोदी सरकार की हर योजना के केंद्र में देश के गरीब, किसान, युवा और महिलाएं समाहित हैं।
आजादी के बाद से किसी ने नहीं सुनी संदेशखाली जैसी बर्बर घटना
राजनीतिक प्रस्ताव में भाजपा ने हाल ही में बंगाल के संदेशखाली में घटी घटना का भी उल्लेख किया गया है। इसमें कहा गया है कि इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। आजाद भारत में इतनी बर्बर और दर्दनाक घटना किसी ने भी नहीं सुनी थी। भाजपा की ओर से कहा गया है कि यह घटना न केवल बंगाल को कलंकित करने वाली बल्कि मानवता को शर्मसार करने वाली है। ममता बनर्जी पर निशाना साधने हुए कहा गया है कि महिला मुख्यमंत्री के संरक्षण में पल रहे उनके नेताओं और गैंग द्वारा महिलाओं के मान-मर्यादा का चीरहरण किया गया है। घटना की निंदा करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है।
एलीट कैटेगरी से बाहर निकाले भारत रत्न और पद्मश्री सम्मान
देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न और पद्मश्री सम्मान को एलीट कैटेगरी से निकालने का दावा भी राजनीतिक प्रस्ताव में किया गया है। कर्पूरी ठाकुर, पूर्व प्रधानमंत्री चौ. चरण सिंह, पूर्व पीएम पीवी नरसिम्हा राव, कृषि वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को देश का सपूत बताते हुए इन्हें भारत रत्न से नवाजे जाने का स्वागत किया गया।
