
मनोहर जोशी महाराष्ट्र की राजनीति में बहुत अहम स्थान रखते हैं। लगभग पांच दशकों तक वे राजनीतिक रूप से सक्रिय रहे। वे लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं। बुधवार को उन्हें दिल का दौरा पड़ा था जिसके बाद उन्हें मुंबई के पीडी हिंदुजा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 86 वर्ष की उम्र में उन्होने इस दुनिया को अलविदा कह दिया।
Manohar Joshi passed away : महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना के वरिष्ठ नेता मनोहर जोशी का निधन हो गया है। बुधवार को उन्हें दिल का दौरा पड़ा था जिसके बाद उन्हें मुंबई के पीडी हिंदुजा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में ही शुक्रवार तड़के 3 बजकर 2 मिनट पर उन्होने अंतिम सांस ली। वे 86 वर्ष के थे। उनके देहावसान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित कई नेताओं ने दुख व्यक्त किया है।
मनोहर जोशी के निधन पर प्रधानमंत्री मोदी ने दुख व्यक्त किया
उनका पार्थिव शरीर दोपहर 11 बजे से 2 बजे तक उनके वर्तमान निवास रूपारेल कॉलेज के माटुंगा में अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। दोपहर दो बजे उनकी शवयात्रा शुरु होगी और राजकीय सम्मान के साथ दादर श्मशान भूमि में उनका अंतिम संस्कार होगा। उनके निधन पर पीएम मोदी ने एक्स पर दुख जताते हुए लिखा है कि ‘श्री मनोहर जोशी जी के निधन से दुख हुआ। वह एक अनुभवी नेता थे जिन्होंने सार्वजनिक सेवा में वर्षों बिताए और नगरपालिका, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न जिम्मेदारियाँ निभाईं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने राज्य की प्रगति के लिए अथक प्रयास किया। केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उन्होंने उल्लेखनीय योगदान दिया। लोकसभा अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान, उन्होंने हमारी संसदीय प्रक्रियाओं को अधिक जीवंत और सहभागी बनाने का प्रयास किया। मनोहर जोशी जी को एक विधायक के रूप में उनकी कर्मठता के लिए भी याद किया जाएगा, उन्हें चारों विधानमंडलों में सेवा करने का गौरव प्राप्त हुआ। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना. शांति।
महाराष्ट्र की राजनीति में अहम स्थान
बता दें कि मनोहर जोशी महाराष्ट्र की राजनीति में बहुत अहम स्थान रखते हैं। लगभग पांच दशकों तक वे राजनीतिक रूप से सक्रिय रहे। वे लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनका जन्म महाराष्ट्र के बीड में 2 दिसंबर 1937 को हुआ। नगर निगम पार्षद के रूप में अपनी राजनीतिक यात्रा शुरु करने वाले मनोहर जोशी महापौर, विधान परिषद सदस्य, विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और लोकसभा अध्यक्ष भी रहे। वे शिवसेना संस्थापक बालासाहेब ठाकरे के काफी करीबी थे। सीएम मोहन यादव ने उनके निधन पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा है कि ‘लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री श्रद्धेय मनोहर जोशी जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। देश और महाराष्ट्र की सेवा के लिए आप आजीवन कार्यरत रहे। आपका अवसान महाराष्ट्र के लिए अपूरणीय क्षति है। परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूँ।