
तेंदूखेड़ा जनपद सीईओ मनीष बगरी ने बताया कि सरपंच द्वारा लिखित रूप से खेल मैदान में जुताई की शिकायत की गई है। मैंने तेंदूखेड़ा तहसीलदार को अवैध अतिक्रमण के लिए जानकारी भेज दी है।
दमोह जिले के तेंदूखेड़ा जनपद की बेलढ़ाना पंचायत में दबंगों ने पंचायत के खेल मैदान पर कब्जा कर लिया और खेती करने जमीन भी जोत दी। सरपंच को जानकारी लगी तो उसने मौके पर जाकर पंचनामा बनाया और तेंदूखेड़ा जनपद सीईओ और पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। अभी तक यह सुना था कि दबंगों ने वन भूमि या राजस्व भूमि पर अवैध रूप से कब्जा करके उस पर खेती करना शुरू कर दिया है, लेकिन यह पहली बार देखने मिला है। पंचायत के खेल मैदान पर ही कब्जा हो गया हो।
मामला तेंदूखेड़ा जनपद की ग्राम पंचायत बेलढ़ाना का है। जहां आज से सात साल पहले एक खेल मैदान बनाया गया था। उस खेल मैदान में गांव के युवा, बच्चों के साथ आसपास के गांव के युवा भी खेला करते थे। लेकिन दो दिन पहले गांव के एक अहिरवार परिवार ने इस खेल मैदान पर कब्जा करने की नियत से ट्रैक्टर से यहां जुताई कर दी और पूरा खेल मैदान जोत दिया।
मनरेगा योजना से हुआ था निर्माण
ग्राम पंचायत के जिस खेल मैदान पर जुताई हुई है, वह पंचायत द्वारा मनरेगा योजना से बनवाया गया है और उस समय पंचायत ने खेल मैदान पर सात लाख 92 हजार रुपया खर्च किया था। उसी स्थान पर दो चबूतरे भी बनवाये गये थे, जिन पर बैठकर अन्य खिलाड़ी खेल देखते थे। जुताई के साथ खेल मैदान तो जोता गया। साथ ही वह दोनों चबूतरे भी छतिग्रस्त कर दिये, जिसकी लिखित शिकायत सरपंच द्वारा जनपद और तेंदूखेड़ा थाने पहुंचकर की है।
ग्रामीण राहुल केवट, महेंद्र केवट, लक्मी केवट, प्रकाश अहिरवार, प्रमोद अहिरवार, राजा केवट, बसंत ठाकुर सहित बड़ी संख्या में खेल मैदान पहुंचे और इसका विरोध किया। तब अवैध रूप से जुताई करने वाला युवक ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग गया।
ये बोले ग्रामीण
राहुल केवट और राजा केवट ने बताया, बैलडाना रैयत में यह खेल मैदान बना था। यहां हम लोग ठंड में क्रिकेट सहित अन्य खेल खेलते हैं। टूनामेंट भी इसी खेल मैदान में होता है। लेकिन एक व्यक्ति ने इसमें टैक्टर से जुताई करके उसको खराब कर दिया है। वह खेती करने की फिराक में था। हम लोगों को जानकारी लगी तो मौके पर पहुंचे, उससे पहले खेल मैदान पूरा जुत गया था।
ग्रामीणों की सूचना पर पंचायत के सरपंच महेंद्र यादव और सचिव भूपत यादव मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच पड़ताल करने के बाद मौके का पंचनामा बनाया। बाद में तेंदूखेड़ा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत की। बैलडाना ग्राम पंचायत के सरपंच महेंद्र यादव ने बताया कि वर्ष 2016-17 में बैलडाना रैयत में खेल मैदान मनरेगा योजना से बनाया गया था। इसकी लागत सात लाख 92 हजार रुपये थी। लेकिन चार जुलाई को उसमें बैलडाना के सरमन अहिरवार ने ट्रैक्टर से जुताई कर दी और मैदान में बने दो चबूतरों को भी छतिग्रस्त कर दिया, जिसकी लिखित शिकायत हमने जनपद और थाने में लिखित रूप से दी है और कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। मामले में तेंदूखेड़ा जनपद सीईओ मनीष बागरी ने बताया कि सरपंच द्वारा लिखित रूप से खेल मैदान में जुताई की शिकायत की गई है। मैंने तेंदूखेड़ा तहसीलदार को अवैध अतिक्रमण के लिए जानकारी भेज दी है।