
मध्य प्रदेश के खंडवा में अंबेडकर जयंती पर कांग्रेस ने बाबा साहब अंबेडकर को याद किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा के 400 पार के नारे को संविधान बदलने की साजिश बताया और जमकर निशाने साधे।
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में शहर कांग्रेस कमेटी ने रविवार को भारतीय संविधान के निर्माता बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की 133वीं जयंती मनाई गई। जिला कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में कई कांग्रेसियों ने एकजुट होकर बाबा साहब की फोटो पर माल्यार्पण किया। इसके बाद कांग्रेस पदाधिकारीयों ने बाबा साहब और उनके बनाए संविधान को लेकर संबोधन दिया। खंडवा लोकसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी नरेंद्र पटेल ने भाजपा के 400 पार के नारे को संविधान बदलने की साजिश बताया।
इस मौके पर खंडवा संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी नरेंद्र पटेल ने कहा कि शहर कांग्रेस की टीम ने गांधी भवन में बाबा साहब अंबेडकर की 133वीं जन्म जयंती मनाई। हमारे देश का संविधान बाबा साहब और उनकी टीम ने निर्माण किया है, जो देश के आजाद होने के बाद से आज तक चले आ रहा है। आज कहीं ना कहीं इस संविधान को बदलने की बात की जा रही है। भाजपा के लोग 400 पार का नारा देकर उनके मंत्री, विधायक और सांसद यह संदेश दे रहे हैं कि हमें संविधान बदलने की आवश्यकता है। देश में अगर कोई नई आपत्ति आ रही है तो, इस संविधान को संशोधित किया जाना चाहिए, बदलने की बात नहीं होनी चाहिए ।
कांग्रेस प्रत्याशी पटेल ने कहा कि संविधान को बदलने की बात करना देश पर राज करने जैसा है। भाजपा के लोग सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि रह चुके हैं। बावजूद इसके यह लोग संविधान बदलने की बात कैसे कर रहे हैं। संविधान में संशोधन की बात होनी चाहिए। जब भीमराव अंबेडकर ने देश का संविधान बनाया था, तब उन्होंने एक बात इसमें रखी थी कि निश्चित तौर पर देश में किसी निर्दोष व्यक्ति को सजा नहीं होना चाहिए। भले ही दोषी एक बार छूट जाए, इस बात को ध्यान में रखते हुए भारत का संविधान लचीला बनाया गया है। इसी संविधान ने आज तक भारत की सुरक्षा की है। इस देश में यदि कोई विपत्ति आई है, या युद्ध हुए हैं, तो वह युद्ध भी हम इस संविधान की बदौलत ही जीते हैं ।