
PM Modi Cabinet: भाजपा को झोली भरकर वोट देने वाले मध्य प्रदेश के कितने सांसदों को मोदी की टीम में जगह मिलेगी यह अगले कुछ घंटों में साफ हो जाएगा। शिवराज और सिंधिया की जगह मोदी की टीम में पक्की मानी जा रही है। इसके अलावा इन नामों की भी चर्चा है। पढ़िए, रिपोर्ट…।
नरेंद्र मोदी आज तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह राष्ट्रपति भवन में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सबकी निगाहें मध्य प्रदेश पर भी टिकी हुई हैं। ऐसा इसलिए है क्यों प्रदेश में भाजपा को दिल खोलकर वोट दिए हैं। प्रदेश की पूरी की पूरी 29 सीटों पर कमल खिला है। ऐसे में प्रदेश से कितने सांसद मंत्री बनेंगे, यह एक बड़ा सवाल है।
पिछले कार्यकाल में मप्र से कितने मंत्री बने थे
पिछली मोदी सरकार में प्रदेश से छह मंत्री बनाए गए थे। इनमें डॉ. वीरेंद्र खटीक, नरेंद्र सिंह तोमर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रह्लाद पटेल, थावरचंद गहलोत और फग्गन सिंह कुलस्ते को जगह मिली थी।
इस बार किन नामों की चर्चा
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और विदिशा सीट से बड़ी जीत दर्ज करने वाले शिवराज सिंह की मोदी कैबिनेट में जगह पक्की मानी जा रही है। इसके अलावा ज्योतिरादित्य सिंधिया, खजुराहो सांसद वीडी शर्मा, शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह, देवास सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी और धार सांसद सावित्री ठाकुर का नाम भी जोरों से चल रहा है। शिवराज और सिंधिया की जगह कैबिनेट में पक्की मानी जा रही है। शिवराज को उनके कद के हिसाब से बड़ा मंत्रालय भी दिया जा सकता है। हालांकि, किसे कौन सा पद दिया जाएगा यह अब तक साफ नहीं हो सका है।
शिवराज और सिंधिया को नेताओं ने दी बधाई
बता दें कि मध्य प्रदेश के सभी सांसद दो दिन से दिल्ली में हैं। इसके अलावा कुछ विधायक भी दिल्ली में बने हुए हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव और दोनों उप मुख्यमंत्री भी वहां मौजूद हैं। इनमें से ज्यादातर नेता मध्य प्रदेश भवन में रुके हुए हैं। कई नेता शिवराज सिंह और सिंधिया से मिलने उनके कमरे में पहुंचे और उन्हें बधाई दी।
भाजपा ने मध्य प्रदेश में किया क्लीन स्वीप
चार जून को सामने आए लोकसभा चुनाव के परिणाम में भाजपा की देश भर के राज्यों में सीट घट गईं। लेकिन, मध्य प्रदेश की जनता ने पार्टी को झोली भरकर वोट दिए थे। प्रदेश की सभी 29 सीटों से जीतकर भाजपा के नेता सांसद बने हैं। कमलनाथ और दिग्विजय जैसे नेता भी अपने गढ़ वाली सीट नहीं बचा पाए।